उत्तर प्रदेशहादसा

खेत में सिंचाई करने गए दो किसानों की करंट लगने से मौत…

उझानी: खेत पर फसल की सिंचाई करने गए गए दो किसानों की करंट लगने से मौत हो गई। शुक्रवार रात वह दोनों एक साथ खेत पर गए थे। अगले दिन सुबह ट्यूबवैल के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर के पास उनके शव पड़े मिले। ग्रामीणें की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। शेखूपुर विधानसभा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव अल्लापुर चमारी निवासी राम नरेश (49) पुत्र खेमकरन के खेत में ट्यूबवैल लगा है। उन्हें अपने खेत में फसल की सिंचाई करनी थी। गांव में रहने वाले विजय बहादुर (30) पुत्र होरी लाल ने भी उनके ट्यूबवैल से अपने खेत में फसल में पानी लगाने की बात कही।

वह दोनों शुक्रवार देर शाम सिंचाई करने के लिए एक साथ घर से निकले। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों को लगा कि रात में सिंचाई में समय लग रहा होगा। जिसके चलते उन्होंने तलाश नहीं की। शनिवार सुबह लगभग 5 बजे ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो राम नरेश के खेत को जाने वाले पगडंडी के पास लगे ट्रासंफार्मर के नीचे उन दोनों के शव पड़े थे।

पास में ही बिजली का तार टूटा पड़ा था। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने विद्युत विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। दोनों को ट्रांसफार्मर से अलग हटाया। परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

परिजनों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया लेकिन तहरीर नहीं दी है। पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने गांव पहुंचकर परिजनों का दुख साझा किया। मदद का भरोसा दिलाया। कादरचौक एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि करंट लगने से दो युवकों की मौत हुई थी। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button