अग्निवीर सेना भर्ती रैली : दूसरे दिन दौड़ में 313 युवा पास, मेडिकल परीक्षण भी

वाराणसी । छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे स्टेडियम में सोमवार को अग्निवीर सेना भर्ती रैली के दूसरे दिन 12 जनपदों के पंजीकृत युवाओं ने दमखम से दौड़ लगाई। 12 जनपदों के लिए आठवीं पास ट्रेडमैन और अग्निवीर दसवीं पास ट्रेडमैन और चंदौली जनपद के लिए जनरल ड्यूटी की दौड़ संपन्न हुई। बुलाए गए 1451 अभ्यर्थियों में से 1164 ने दौड़ में भाग लिया। दौड़ में 313 अभ्यर्थी पास हुए। सेना भर्ती निदेशक के अनुसार मंगलवार से अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी। साथ ही दो दिन में रेस में उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी प्रारंभ हुआ।
उन्होंने बताया कि जनरल ड्यूटी के लिए जनपद मऊ, सोनभद्र एवं वाराणसी की रेस मंगलवार को होगी। इसके पहले भोर में सभी 12 जिलों मऊ, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, गाजीपुर, संत रविदास नगर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर और वाराणसी के अग्निवीर आठवीं पास ट्रेडमैन और अग्निवीर दसवीं पास ट्रेडमैन के लिए दौड़ हुई। 7 अगस्त को अग्निवीर जीडी-गाजीपुर जिले की जखनिया तहसील छोड़ कर अन्य 6 तहसीलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर छावनी क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सेना की खुफिया इकाई दलालों की निगरानी कर रही है।






