जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के सुधार के लिए निरीक्षण की आवश्यकता जताई

जनएक्सप्रेस/ महराजगंज: जनपद में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति, उनके मरम्मत कार्य, पोषण सामग्री वितरण, और बच्चों की भर्ती पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ और सुपरवाइजर को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके।
चिक्की की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश
जिलाधिकारी ने बच्चों को दिए जाने वाले चिक्की की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी से चिक्की निर्माण के अनुबंध की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी कमी पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों को केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही दी जाए।
प्रगति में सुधार की आवश्यकता
बैठक में घुघली और निचलौल सीडीपीओ की प्रगति को धीमा पाया गया, जिसके बाद उन्हें अपने प्रदर्शन में सुधार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सीडीपीओ और सुपरवाइजरों को नियमित जांच और होम विजिट की प्रगति को बढ़ाने के लिए कहा और अगले बैठक में इस पर विशेष रिपोर्ट प्रस्तुत करने की अपेक्षा की।






