आंधी में गिरे पेड़ से दबकर बाइक सवार की मौत, पुत्री और भतीजी घायल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: पिलकिछा खोभरियां गांव के सेंवई नाला पुल के पास गायत्रीनगर मार्ग पर शुक्रवार की रात आयी तेज आंधी में बाइक से अपनी बेटी और भतीजी को बैठाकर जा रहे युवक पर एक पेड़ गिर गया। जिसमें दबकर बाइक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। पुत्री और भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनका उपचार बीएचयू के ट्रामा सेन्टर में चल रहा है।
ओइना गांव निवासी हीरालाल गौतम अपनी 14 वर्षीय पुत्री नेहा और 19 वर्षीय भतीजी काजल के साथ किसी काम से खुटहन बाजार गए थे। जहां से रात लगभग नौ बजे वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में तेज आंधी आ गई। वह घर से अभी लगभग एक किमी दूरी पर थे कि तेज हवा के झोंको से सड़क के बगल आम का पेड़ बाइक के ऊपर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर तीनों घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। जहां हालत गंभीर देख उन्हे जिला चिकित्सालय वहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां देखते ही चिकित्सकों ने 45 वर्षीय हीरा गौतम को मृत घोषित कर दिया। पुत्री और भतीजी का उपचार चल रहा है।






