उत्तर प्रदेशजौनपुरहादसा

बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो की मौत, महिला गंभीर

दादा की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : सुइथाकला क्षेत्र के लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बड़ौना पानी की टंकी के पास बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप घायल हो गए। जिसमें बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, दूसरा साथी उपचार हेतु जाते समय रास्ते में दम तोड दिया। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक बाइक चालक के दादा की तहरीर पर पुलिस अज्ञात बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सुइथाकला गांव निवासी शुभम ऊर्फ भोंदू (16) पुत्र विनोद व सतीश गौतम ऊर्फ अंकुर (15) पुत्र लक्ष्मन बाइक से रूधौली बाजार गए थे। वापसी के दौरान बाजार से रिश्तेदारी में निमंत्रण के लिए सामान लेकर बेटे संग साइकिल पर सवार होकर घर आ रही संगीता (40) पत्नी अरविंद कुमार भी बाइक पर सवार हो गयी। जैसे ही बाइक उक्त मोड़ से गांव की तरफ मुड़ी कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक दाहिनी पटरी से बाएं की तरफ रगड़ते हुए चली गई। बाइक चला रहे शुभम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं उनका साथी और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक बस लेकर फरार हो गया। मौके पर पुलिस के अलावा लोगों का जमावड़ा हो गया। घायलों को उपचार हेतु स्थानीय सीएचसी भेजा गया, जहां दोनों घायलों को चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटनास्थल पर लोगों का आक्रोश इतना बढ़ा कि एक बार तो लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर वाहनों का पहिया जाम सा हो गया। फिलहाल भारी मशक्कत के बाद पुलिस शव को कब्जे में लेने में कामयाब हो सकी। घायल दूसरा बाइक सवार सतीश भी उपचार के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि घायल महिला संगीता का उपचार अस्पताल में चल रहा है। मामले में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। मृतक शुभम के दादा पुन्नवासी गौतम की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button