
जन एक्सप्रेस, देहरादून | हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा अब और सुगम और सुरक्षित होने जा रही है। केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण हाईवे की कनेक्टिविटी सुधारने और हादसों को रोकने के उद्देश्य से 720.67 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत रायवाला से मोहकमपुर तक कुल 7 फ्लाईओवर, सर्विस लेन, और जंक्शन सुधार के कार्य किए जाएंगे। NHAI (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) का लक्ष्य है कि यह परियोजना अगले ढाई वर्षों में पूरी कर दी जाए।
दुर्घटनाओं के बाद उठाया गया कदम, चिन्हित हुए 10 डेंजर ज़ोन
हाईवे चौड़ीकरण के बाद इस मार्ग पर हादसों में बढ़ोतरी देखी गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए NHAI, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त निरीक्षण किया और 10 संवेदनशील स्थानों (डेंजर जोन) की पहचान की। इन स्थानों पर संरचनात्मक सुधार की आवश्यकता महसूस की गई। NHAI निदेशक पंकज मौर्य ने जानकारी दी कि जहां-जहां सड़क पर बाधाएं हैं, उन्हें हटाकर फ्लाईओवर, सर्विस लेन और बेहतर जंक्शन बनाए जाएंगे, जिससे ट्रैफिक सुचारू हो और दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।






