उत्तर प्रदेशमहराजगंज

बिजली से रोशन होंगे तीस गांव

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना फेज-3 और आरडीएसएस-2 (रीबैंप स्कीम) के तहत पनियरा ब्लॉक के तीस गांवों में जल्द ही बिजली आपूर्ति की मूलभूत सुविधा मिलने जा रही है। अब तक बिजली की सुविधा से वंचित इन गांवों में लोग बांस-बल्लियों के सहारे अस्थायी तारों से बिजली उपयोग कर रहे थे।
शुक्रवार की दोपहर इस बहुप्रतीक्षित योजना की शुरुआत नगर पंचायत पनियरा के बड़वार गांव से की गई, जहाँ एसडीओ राहुल द्विवेदी ने विधिवत पूजा अर्चना कर पोल शिफ्टिंग कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इन गांवों में अब तक बिजली के पोल न होने के कारण कनेक्शन नहीं मिल पा रहा था। अब 900 एलटी और एचटी पोल लगाए जाएंगे, जिससे सभी गांवों में सुरक्षित और स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि बिजली पहुंचने वाले प्रमुख गांवों में पनियरा, बड़वार, नेवासपोखर, बहरामपुर, लक्ष्मीपुर खास, माधोनगर, रामनगर, रानीपुर, गोनहा, बेलटिकरा, रजौड़ा खुर्द, रजौड़ा पंजुम, बेनीगंज, बैंदा, भवानीपुर, डिगुरी, हेमछापर, मंसूरगंज, राजमंदिर, सौरहां, मिठौरा, नरकटहां, सोहास खास, देवीपुर, मौलागंज शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक नये कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर भी लगाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग की सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर अवर अभियंता सुनील गुप्ता, सुभाष वर्मा और राम अधारे सिंह सहित कई अन्य अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button