अमेठी में भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत, कार सवार फरार

जन एक्सप्रेस/अमेठी : जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अलाईपुर गांव के पास मंगलवाल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक जिला फतेहपुर के रहने वाले थे और टीबी की दवा लेने जगदीशपुर जा रहे थे। सामने से तेज़ रफ्तार में आ रही कार से हुई आमने-सामने की भिड़ंत में यह भीषण दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खड्डे में जा गिरी और कार सवार मौके से फरार हो गए। मृतकों की पहचान सर्वेश कुमार (उम्र लगभग 25 वर्ष) पुत्र रामसनेही तथा आकाश (उम्र लगभग 23 वर्ष) पुत्र राजकुमार, निवासी जिला फतेहपुर, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब आठ बजे आकाश अपने मित्र सर्वेश के साथ मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर जा रहा था। वह टीबी की दवा के लिए नियमित रूप से आता था। जब वे अलाईपुर गांव के पास पहुंचे, उसी समय सामने से आ रही तेज़ रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे, पर टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही मोहनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मौके से मिली कार को कब्जे में ले लिया है और वाहन स्वामी की तलाश शुरू कर दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अलाईपुर गांव के पास का यह मोड़ अत्यंत खतरनाक है और यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस क्षेत्र को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।






