मंगलगढ़ किला को पर्यटन स्थल बनाने की पहल में जुटे पूर्व विधायक
कप्तान सिंह राजपूत ने किया किले का भ्रमण, केंद्र में प्रस्ताव रखने की तैयारी

जन एक्सप्रेस चरखारी (महोबा): चरखारी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कप्तान सिंह राजपूत ने ऐतिहासिक मंगलगढ़ किला का भ्रमण कर इसे पर्यटक स्थल का दर्जा दिलाने की पहल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि वे इस दिशा में हमीरपुर सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के माध्यम से केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय में प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
मंगलगढ़ को ऐतिहासिक पहचान दिलाने की तैयारी
पूर्व विधायक ने कहा कि मंगलगढ़ किला क्षेत्र की प्राचीन धरोहरों में शामिल है और इसे पुरातत्व एवं पर्यटन मानचित्र में दर्ज कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, बल्कि यह स्थान देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता भी रखता है।
पर्यटन विकास के लिए होगा सेमिनार, सभी हितधारकों को बुलाया जाएगा
पूर्व विधायक ने बताया कि पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विचार करने के लिए एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, व्यापारी, टूरिस्ट गाइड और वाहन स्वामी शामिल होंगे। इसमें क्षेत्र के विकास और आवश्यक सुविधाओं जैसे होटल, रेस्टोरेंट, सड़क और परिवहन व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी।
भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पप्पू कुशवाहा, अंशुल यादव, पवन यादव, जितेंद्र यादव रिवई, रामकिशन महाराज सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मंगलगढ़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयासों का समर्थन किया।






