चारबाग डिपो के एआरएम सस्पेंड, आलमबाग बस स्टेशन के सलाहकार की सेवाएं समाप्त
मंत्री के निरीक्षण में गैरहाजिर रहने पर हुई सख्त कार्रवाई परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर एमडी ने जारी किए आदेश लोड फैक्टर में गिरावट और आदेशों की अनदेखी पर नाराजगी

जन एक्सप्रेस लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर अब सीधे कार्रवाई हो रही है। इसी कड़ी में चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) गौतम कुमार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि आलमबाग बस स्टेशन के सलाहकार (संचालन) निर्मल कुमार वर्मा की संविदा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।यह कार्रवाई परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर की गई है। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने मंगलवार देर शाम आदेश जारी किए।
निरीक्षण में सामने आईं गंभीर खामियां
एमडी सरवर ने बताया कि 8 अगस्त को मंत्री दयाशंकर सिंह ने आलमबाग बस टर्मिनल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान चारबाग डिपो के एआरएम गौतम कुमार बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। साथ ही, लोड फैक्टर बढ़ाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए, और मुख्यालय के आदेशों की अनदेखी की गई थी। इन सब कारणों से मंत्री ने नाराजगी जताते हुए तत्काल निलंबन के निर्देश दिए।
सलाहकार की सेवाएं भी खत्म
आलमबाग बस स्टेशन पर संविदा पर कार्यरत सलाहकार (संचालन) निर्मल कुमार वर्मा की सेवाएं भी समाप्त कर दी गईं। अपर एमडी राम सिंह वर्मा ने उनके अनुबंध को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश दिया है।
अब बाकी अफसर भी रडार पर
एमडी सरवर ने कहा कि इस कार्रवाई के बाद सभी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि वे लोड फैक्टर बढ़ाने और आदेशों के पालन में लापरवाही न करें। सूत्रों की मानें तो कुछ और अधिकारी भी प्रशासन के रडार पर हैं, जिनका लोड फैक्टर लगातार गिरा है और चेतावनियों के बावजूद सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में और कड़ी कार्रवाई संभव है।






