अयोध्या में रामभक्ति: मॉरीशस के प्रधानमंत्री आज करेंगे राम मंदिर दर्शन
महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर होगा पारंपरिक स्वागत, शिव मूर्ति का करेंगे जलाभिषेक, दोपहर में देहरादून के लिए होंगे रवाना

जन एक्सप्रेस अयोध्या। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र गुलाम आज विशेष दौरे पर अयोध्या पहुंचेंगे। वे सुबह 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करेंगे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत करेंगे।
राम मंदिर पहुंचकर लेंगे निर्माण कार्य की जानकारी
एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री गुलाम सीधे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र स्थित भव्य राम मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी लेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे। मंदिर प्रशासन द्वारा उन्हें प्रस्तुति के माध्यम से अब तक के कार्यों की रिपोर्ट भी दी जाएगी।
जटायु और अंगद टीले पर करेंगे शिव मूर्ति का जलाभिषेक
राम मंदिर दर्शन के बाद पीएम नवीन चंद्र जटायु व अंगद टीले पर स्थित विशाल शिव मूर्ति पर जलाभिषेक करेंगे। यह धार्मिक क्रिया उनके आध्यात्मिक झुकाव को दर्शाती है।
देहरादून रवाना होंगे दोपहर 12:30 बजे
अयोध्या दर्शन के बाद प्रधानमंत्री दोपहर 12:30 बजे देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर तक कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मॉरीशस की आबादी में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग हैं, जिनमें रामायण और भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी आस्था है। प्रधानमंत्री गुलाम का यह दौरा भारत-मॉरीशस के सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूती देगा।






