बाजारवासियों ने मनबढ़ों की हरकतों से तंग आकर एसपी को सौंपा प्रार्थनापत्र

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जफराबाद क्षेत्र के राजेपुर गांव के आधा दर्जन से अधिक बाजारवासियों ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कुछ मनबढ़ युवकों की दबंगई से छुटकारा दिलाने की मांग की। बाजार के निवासियों प्रमिला देवी, बेबी, सुरेश कुमार, राहुल कुमार, सीता, दिनेश कुमार सहित अन्य लोगों ने एसपी को दिए गए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि गद्दीपुर गांव के कुछ युवक बगल के गांव के युवकों के साथ मिलकर लगभग एक दर्जन की संख्या में आए दिन बाजार में पहुंच जाते हैं। वे लोगों से मारपीट करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और स्कॉर्पियो गाड़ी में हूटर बजाते हुए दहशत फैलाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस बाबत कई बार स्थानीय थाने में सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज बाजारवासियों ने सीधे एसपी से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश कुमार का कहना है कि मामला नया नहीं बल्कि पुराना है और इसकी जड़ जमीन विवाद से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को ही एसडीएम सदर और सीओ सिटी देवेश सिंह मौके पर पहुंचे थे और दोनों पक्षों को 26 सितंबर को बुलाया गया है। थानाध्यक्ष ने बाकी लगाए गए आरोपों को निराधार बताया।






