स्कूल में पूजा की सज़ा! अध्यापक ने बनाया मुर्गा, अभद्रता के भी आरोप
नवरात्रि के व्रत के बाद स्कूल पहुंचीं छात्राओं को अध्यापक ने बनाया मुर्गा, अभद्रता के भी आरोप

जन एक्सप्रेस हाथरस: जनपद के सासनी कस्बे के समामई स्थित कंपोजिट विद्यालय में धार्मिक आस्था को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नवरात्रि के अवसर पर व्रत रखकर माता की पूजा करके स्कूल पहुंचीं छात्राओं को एक अध्यापक ने कथित रूप से अपमानजनक सज़ा देते हुए ‘मुर्गा’ बना दिया। यही नहीं, छात्राओं के साथ अभद्रता किए जाने का भी गंभीर आरोप है, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
घटना की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों और हिंदू संगठनों को मिली, मौके पर बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए और ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने संबंधित अध्यापक पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और छात्राओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद स्कूल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, वहीं अभिभावकों में भी भारी रोष देखने को मिल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया है। विद्यालय प्रशासन ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और उच्चाधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की सूचना दे दी गई है। वहीं, स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।






