फ्री राशन पाने वालों की होगी जांच!
योगी सरकार का बड़ा फैसला, 16 लाख फर्जी राशन कार्ड होंगे रद्द

जन एक्सप्रेस लखनऊ।उत्तर प्रदेश सरकार ने फ्री राशन योजना में गड़बड़ियों पर बड़ा एक्शन लेने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फर्जी तरीके से फ्री राशन ले रहे लोगों की पहचान कर उनके कार्ड तुरंत रद्द किए जाएं। सरकार के अनुसार, राज्य में करीब 16 लाख फर्जी राशन कार्ड पाए गए हैं, जिनकी अब जांच कर उन्हें रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।राज्य सरकार की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पारदर्शी और ईमानदार बनाना है, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों तक ही सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जिन लोगों के पास कार, पक्का मकान, खेती की जमीन, या आय का स्थायी स्रोत है, वे फ्री राशन के पात्र नहीं माने जाएंगे।अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने नियमों के विरुद्ध राशन कार्ड बनवा लिए थे, उनसे वसूली भी की जा सकती है। इसके अलावा अब नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में सख्ती बरती जाएगी। सरकार का यह कदम “सबको हक, किसी को फर्जी लाभ नहीं” के सिद्धांत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा निर्णय माना जा रहा है।






