अलीगढ़उत्तर प्रदेश

मुरसान में लूट और फायरिंग के आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

एंटी थेफ्ट टीम, मिशन शक्ति टीम व मुरसान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी दबोचे गए; मुख्य आरोपी ओमवीर उर्फ सोनू मुठभेड़ में गोली लगने से घायल

जन एक्सप्रेस, मुरसान।थाना मुरसान क्षेत्र में लूट के इरादे से घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में सफल खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी ओमवीर उर्फ सोनू को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जो जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, दूसरे आरोपी देवा को भी दबोच लिया गया है।

संयुक्त टीम की कार्रवाई ने किया कमाल

इस कार्रवाई में एंटी थेफ्ट टीम, मिशन शक्ति टीम और थाना मुरसान पुलिस शामिल रही। पुलिस को सूचना मिली थी कि घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र में देखे गए हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी की। मुख्य आरोपी ओमवीर उर्फ सोनू ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान ओमवीर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना थाना मुरसान क्षेत्र की है, जहां आरोपियों ने लूट की नीयत से एक घर में घुसकर फायरिंग की थी। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी थी। पुलिस पर लगातार दबाव था कि मामले का शीघ्र खुलासा हो। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनके पीछे कोई गिरोह सक्रिय है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button