जमीनी विवाद में हुई मारपीट, एक की हालत गम्भीर
जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने भेजा जेल

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़:जनपद के कोहंडौर थाना इलाके में मंगलवार सुबह दो पक्षों में जमीनी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार कोहड़ौर थाना क्षेत्र के परसरामपुर गांव में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हो गई। गम्भीर रूप से घायल सुभाष दूबे की पत्नी आराधना दूबे ने थाने पर तहरीर देते हुए ये आरोप लगाया है कि उसके पट्टीदार राजेन्द्र प्रसाद, विनोद कुमार, मनोज कुमार व हिमांशु उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने लाठी डंडे व लकड़ी की पटरी लेकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। सूचना के बाद डायल-112 मौके पर पहुंची। मारपीट में सुभाष दूबे गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजन लेकर सीएचसी कोहड़ौर गये। जहां से उसे मेडिकल कालेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया। मेडिकल कालेज में सुभाष की हालत गम्भीर देख डॉक्टरों ने उसे स्वरूपरानी अस्पताल रेफर कर दिया। इसके पूर्व में भी सुभाष पर आरोपियों ने लाठी डंडे से हमला किया था जिसमें आरोपी पक्ष का एक युवक जेल में अभी तक बन्द है। मंगलवार को एक बार फिर आरोपियों ने सुभाष को मारपीट कर घायल कर दिया। आराधना दूबे की तहरीर पर कोहड़ौर पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ जान से मारने के प्रयास समेत गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसआई राजकुमार मिश्रा व उनकी पुलिस टीम ने अभियुक्त विनोद दूबे व हिमांशु को थाना इलाके के जयपुरिया स्कूल के समीप मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन दोनों को जेल भेज दिया गया। वहीं दो आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।






