मुंबई के व्यापारी का 1 करोड़ लेकर फरार कर्मचारी मानिकपुर में पकड़ा, 80 लाख रुपये बरामद
मानिकपुर स्टेशन पर जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी 30 साल से करता था व्यापारी के यहां काम

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: जिले के मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने मुंबई के एक सोने के व्यापारी के यहां काम करने वाले कर्मचारी को लाखों की नगदी के साथ ट्रेन से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान किशोर मिस्त्री पुत्र हरी पदों, निवासी ग्राम गोपालपुर, जिला पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 80 लाख 1 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार, किशोर महाराष्ट्र के एक सोने के व्यापारी के यहां पिछले 30 सालों से गोल्ड डिजाइनिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि 23 अक्टूबर को वह व्यापारी से गोल्ड लेने के बहाने 1 करोड़ रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। जब व्यापारी को संदेह हुआ, तो उसने एल.टी. मार्ग थाना, मुंबई में रिपोर्ट दर्ज कराई।महाराष्ट्र पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की, जिसमें आरोपी पहले शिरडी और फिर नासिक पहुंचा दिखाई दिया। इसके बाद उसने जनरल टिकट लेकर मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन से यात्रा शुरू की। सूचना मिलने पर सतना जीआरपी को सतर्क किया गया, लेकिन आरोपी वहां से बच निकला।इसके बाद मानिकपुर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने ट्रेन की तलाशी के दौरान आरोपी को पकड़ लिया। जांच में उसके पास से 80 लाख 1 हजार 500 रुपये नकद बरामद हुए।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद रकम सहित महाराष्ट्र पुलिस की एल.टी. मार्ग टीम को सौंप दिया है।






