चित्रकूट में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो और रोडवेज बस में भिड़ंत, तीन की मौत, छह घायल
जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे बोलेरो सवार, पांच की हालत गंभीर, प्रयागराज किया गया रेफरजन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे बोलेरो सवार, पांच की हालत गंभीर, प्रयागराज किया गया रेफर

जन एक्सप्रेस चित्रकूट। शहर कोतवाली क्षेत्र के खोह गांव के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो और रोडवेज बस की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पांच की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्रयागराज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।मृतकों की शिनाख्त गढ़ीवा के कैंप के पुरवा गांव के रहने वाले लोगों के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बोलेरो सवार एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे।
रास्ते में खोह गांव के पास उनकी बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। तीन लोगों की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय इस मार्ग पर भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि गंभीर घायलों में से कुछ की हालत नाजुक होने के चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।






