नेपाल से आए हाथियों का उत्पात: शारदा पार में फिर मचाई तबाही, सात झोपड़ियां तोड़ीं, फसलें रौंदीं
ढकिया, गुन्हान और रमनगरा नंबर चार गांवों में पूरी रात दहशत; महिला ने भागकर बचाई जान

जन एक्सप्रेस पीलीभीत। नेपाल की सीमा से लगे शारदा नदी पार इलाकों में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात एक ग्रामीण की जान लेने के बाद रविवार रात फिर हाथियों का झुंड ढकिया, गुन्हान और रमनगरा नंबर चार इलाके में पहुंच गया। झोपड़ियां तोड़ीं, खेतों की फसलें रौंद डालीं और ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। लोगों ने जागकर पूरी रात बिताई।
झोपड़ियों पर टूटा कहर, ग्रामीणों में अफरातफरी
माधोटांडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा नदी के पार के इलाके में रविवार देर रात हाथियों के झुंड ने फिर उत्पात मचाया। करीब 20 से अधिक हाथियों के झुंड ने रमनगरा नंबर चार, ढकिया और गुन्हान गांवों में पहुंचकर कहर बरपाया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने सुरेंद्र, गुरदास मंडल, निर्मल, किशोरी मंडल, बाबू, रंजीत और बेचू समेत कई लोगों की झोपड़ियों को तहस-नहस कर दिया। इसके अलावा छोटे लाल, कृपाल, सुरेंद्र और रविंद्र की गन्ने व सोयाबीन की फसलें पूरी तरह रौंद दीं।
महिला ने झोपड़ी से भागकर बचाई जान
रमनगरा नंबर चार निवासी सुरेंद्र की पत्नी भागमनी देवी रात में अकेली झोपड़ी में सो रही थीं। इसी दौरान हाथी का झुंड गांव के पास पहुंच गया। हाथी के चिंघाड़ने और झोपड़ी हिलने से महिला की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत झोपड़ी से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण करीब दस मिनट तक अंदर फंसी रहीं। किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
एक घंटे तक गांव में मचा कोहराम
ग्रामीण बेचू के मुताबिक, हाथियों का झुंड रात करीब दो बजे गांव में घुस आया। कुछ ही मिनटों में कई झोपड़ियों को तोड़ डाला और खेतों में लगी फसलें रौंद दीं। लोग शोर मचाते हुए इधर-उधर भागे। डरे-सहमे ग्रामीणों ने मिलकर मशालें जलाईं और पटाखों से आवाजें निकालकर हाथियों को खदेड़ने की कोशिश की। करीब एक घंटे तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
शनिवार को एक ग्रामीण की हो चुकी थी मौत
गौरतलब है कि शनिवार रात इन्हीं हाथियों के झुंड ने ढकिया ताल्लुके महाराजपुर गांव में झोपड़ी में सो रहे पुन्नो नामक ग्रामीण को रौंदकर मार डाला था। इस घटना के बाद से ही शारदा पार के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से लगातार निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग ने बढ़ाई चौकसी, गंधक-पोटाश से खदेड़ेंगे हाथियों को
वन विभाग ने हाथियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए शारदा पार के इलाकों में निगरानी तेज कर दी है। क्षेत्रीय इंचार्ज रेंजर मोहम्मद आरिफ ने बताया कि सात वनकर्मियों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। हाथियों की संख्या अधिक होने से गंधक और पोटाश का छिड़काव करने की योजना बनाई गई है। साथ ही पटाखे और ट्रैक्टरों के शोर से हाथियों को भगाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीण बोले “कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है”
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार सक्रियता से गांवों में दहशत फैली है। कई लोग अब शारदा पार अपने खेतों पर रात में जाने से डर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर वन विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।






