मत्स्य पालन से आत्मनिर्भर बनेगा उत्तर प्रदेश: मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद
मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड और बीमा योजना से जोड़ने पर दिया जोर

जन एक्सप्रेस लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालकों के सर्वांगीण विकास और प्रदेश को मत्स्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि उन्हें वित्तीय सहायता आसानी से उपलब्ध हो सके।डॉ. निषाद ने कहा कि मछुआ दुर्घटना बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक मछुआरों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने मत्स्य पालकों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे वे मत्स्य पालन की नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकें और अधिक उत्पादन के साथ-साथ नुकसान से भी बच सकें।विधान भवन स्थित अपने कार्यालय में मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के अंतर्गत चयनित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि सभी परियोजनाएं समय से पूर्ण कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सेक्टर योजनाओं के तहत बजट की धनराशि का त्वरित व्यय सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभार्थियों का चयन शीघ्रता से किया जाए।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर दिया गया बल
मंत्री ने कहा कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें भी आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अनुपयुक्त जलक्षेत्र, वेटलैंड्स, खारे पानी के क्षेत्र, जलाशयों और नदियों को मत्स्य विकास कार्यक्रम से जोड़ा जाए, जिससे अधिक से अधिक मछुआरों को आजीविका के अवसर प्राप्त हों और वे स्वावलंबी बन सकें।बैठक में प्रमुख सचिव मत्स्य विकास मुकेश मेश्राम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ सीधे मत्स्य पालकों और मछुआरों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि ग्रामीण स्तर तक जानकारी पहुंच सके।महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। समीक्षा बैठक में एन.एस. रहमानी (निदेशक मत्स्य), पुनीत कुमार (उप निदेशक), एजाज अहमद (उप निदेशक) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






