उत्तर प्रदेशमहराजगंज

पराली सुलगते ही डीएम पहुँचे खेत, किसानों को दी सख्त चेतावनी

फार्मर रजिस्ट्री व मतदाता पुनरीक्षण की जांच के दौरान पराली जलने की मिली सूचना

जन एक्सप्रेस महराजगंज। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने रविवार को चौरी गांव में फार्मर रजिस्ट्री तथा एसआईआर/विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की पारदर्शिता परखने के लिए औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा फार्म वितरण व संकलन की प्रक्रिया का विस्तृत जायजा लिया।इसी बीच डीएम को सूचना मिली कि गांव के कुछ किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। मामला गंभीर देखते हुए वे तुरंत मौके पर पहुंचे और खेत में जाकर किसानों से सीधे संवाद किया। जिलाधिकारी के पहुंचते ही पराली को तुरंत बुझा दिया गया। डीएम शर्मा ने किसानों को पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय दुष्परिणाम व लागू कानूनीप्रावधानों की सख्त चेतावनी के साथ जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी हालत में खेत में पराली न जलाएं। उन्होंने कहा कि पराली को एकत्र कर स्थानीय गौसदन व गो-आश्रयों तक पहुंचाने की व्यवस्था ग्राम प्रधान तथा खंड विकास अधिकारी के माध्यम से प्रशासन सुनिश्चित करेगा।किसानों से अपील करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पराली प्रबंधन सभी की साझी जिम्मेदारी है और प्रशासन किसानों के सहयोग को हमेशा तत्पर है। उन्होंने दोहराया कि पराली जलाना पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने के साथ दंडनीय अपराध भी है, इसलिए किसान वैकल्पिक उपाय अपनाकर स्वच्छ वातावरण के निर्माण में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button