उत्तर प्रदेशमहराजगंज

डीएम ने किया धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण

समयबद्ध व पारदर्शी खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश, किसानों ने व्यवस्था पर जताया संतोष

जन एक्सप्रेस।महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को मिठौरा क्षेत्र स्थित खाद्य एवं विपणन विभाग के धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद व्यवस्था, अभिलेखों तथा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार की गई तैयारियों का गहनता से परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि धान क्रय केंद्र मिठौरा प्रथम पर अब तक 149 किसानों से 348.32 मीट्रिक टन तथा मिठौरा द्वितीय केंद्र पर 111 किसानों से 295.92 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। जिलाधिकारी के पहुंचने के समय मिठौरा प्रथम केंद्र पर कृषक प्रेम नारायण सिंह (जमुई) का लगभग 118 क्विंटल तथा मिठौरा द्वितीय केंद्र पर राजमणि (चैनपुर) का लगभग 41 क्विंटल धान तौला जा रहा था। उपस्थित किसानों ने केंद्रों की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि पंजीकरण व बिक्री प्रक्रिया में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और केंद्र कर्मियों ने पूरा सहयोग प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने धान खरीद की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए खरीद की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी किसानों से समयबद्ध एवं नीति के अनुरूप खरीद सुनिश्चित की जाए। यदि किसी किसान को समस्या आती है तो उसका तत्काल और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, केंद्र प्रभारी आशीष मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button