जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की 60वीं बैठक सम्पन्न
नदियों, तटबंधों व बांधों के सुदृढ़ीकरण, समयबद्ध कार्य और गुणवत्ता पर जोर

जन एक्सप्रेस लखनऊ। उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग मुख्यालय के सभागार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की स्थायी संचालन समिति की 60वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर में बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा तटबंध संरक्षण, कटाव-रोधी कार्यों और नदी तटीय सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
चालू और प्रस्तावित परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा
बैठक में बाढ़ नियंत्रण संबंधी चालू एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। नदियों, नालों, तटबंधों और बांधों के सुदृढ़ीकरण के कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विस्तार से चर्चा हुई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी तंत्र, पम्प हाउस और तटबंधों की मौजूदा स्थिति का मूल्यांकन भी रखा गया। बैठक में कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी तंत्र को और मजबूत करने पर बल दिया गया।
ड्रेनों की सफाई 30 जून तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश
जल शक्ति मंत्री ने क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए कि 30 जून तक सभी ड्रेनों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा सफाई कार्य से जुड़े वीडियो और फोटोग्राफ संरक्षित रखे जाएँ। साथ ही इस वर्ष प्रस्तावित बाढ़ परियोजनाओं को समय से शुरू कर बाढ़ से पूर्व पूरा करने के निर्देश भी जारी किए गए।
2018-19 से 2025-26 तक सभी कार्यों का विवरण तैयार करने के निर्देश
क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली सभी नदियों, नालों और तटबंधों का विस्तृत विवरण तैयार करें। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक कराए गए कार्यों का पूरा रिकॉर्ड, तथा उन कार्यों से हुए लाभ का प्रस्तुतिकरण भी तैयार कर संरक्षित रखें।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन अनिल गर्ग, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष संदीप कुमार, प्रमुख अभियंता (परिकल्प एवं नियोजन) अशोक कुमार सिंह, प्रमुख अभियंता (परियोजना) सोरण सिंह सहित विभिन्न संगठनों के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।






