हाथरस में कन्फेक्शनरी की दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान
देर रात लगी आग से इलाके में मचा हड़कंप

जन एक्सप्रेस/हाथरस।कोतवाली सदर क्षेत्र के किला गेट के पास स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का माल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।आग लगते ही दुकान स्वामी ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि बुझाने में काफी समय लग गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।घटना के बाद किला गेट और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया।






