उत्तर प्रदेशलखनऊ

मांगों को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचीं आशा बहुओं को चारबाग स्टेशन पर रोका गया

प्रदेशभर से लखनऊ आईं आशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका, स्टेशन परिसर में बैठकर जताया विरोध

जन एक्सप्रेस लखनऊ।(हेमनारायण हेमू):अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर से राजधानी लखनऊ पहुंचीं आशा बहुओं को मंगलवार को चारबाग रेलवे स्टेशन पर ही रोक लिया गया। प्रदर्शन के लिए एकत्रित आशा कार्यकर्ता स्टेशन परिसर में बैठ गईं और सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।आशा बहुओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि कम मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को लेकर बार-बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

ठिठुरती ठंड में नहीं थे मूलभूत इंतजाम
आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि कड़ाके की ठंड के बावजूद स्टेशन परिसर में उनके लिए अलाव या ठंड से बचाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। गंदगी और अव्यवस्था के बीच उन्हें घंटों बैठकर प्रदर्शन करना पड़ा, जिससे महिलाओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।
आशा बहुओं ने सुनाई अपनी पीड़ा
प्रदर्शन कर रहीं आशा बहुओं ने कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, इसके बावजूद उन्हें उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में काम करने के बावजूद उनका सम्मान और अधिकार सुनिश्चित नहीं किए जा रहे हैं।
सरकार से मांगों पर संज्ञान लेने की अपील
आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और जल्द समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button