उत्तर प्रदेशहाथरस

बिसावर में झोपड़ी में आग लगने से बुजुर्ग की मौत, 10 बकरियां भी झुलसकर मरीं

अलाव तापते समय सो जाने की आशंका, देर रात लगी आग से मचा हड़कंप

जन एक्सप्रेस/ हाथरस (बिसावर)।कस्बा बिसावर के मोहल्ला मुकंदपुर में अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में झोपड़ी में मौजूद एक बुजुर्ग की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि वहां बंधी 7–8 बकरियों और उनके बच्चों सहित कुल करीब 10 बकरियों की भी मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात झोपड़ी से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया था। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।

चूल्हे की आग से हादसे की आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक बनी सिंह (उम्र लगभग 70 वर्ष), पुत्र राम सिंह, झोपड़ी में चूल्हे की आग जलाकर ताप रहे थे। इसी दौरान वे वहीं सो गए और आशंका है कि किसी कारणवश आग झोपड़ी में फैल गई।जानकारी के अनुसार मृतक बनी सिंह घर पर अकेले रहते थे। उनका बेटा श्रीकृष्ण पुत्र बनी सिंह थाना चंदपा क्षेत्र के बिसाना गांव में रहता है, जबकि उनके भाई सुंदर पुत्र राम सिंह कस्बा बिसावर के मोहल्ला चावड़ में रहते हैं।
फायर ब्रिगेड और पुलिस ने पाया आग पर काबू
सूचना पर फायर ब्रिगेड, पीआरवी और थाना सादाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से समरसेबल पंप द्वारा पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी, हाथरस भेज दिया है। घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button