माघ मेला में स्नान पर्वों पर संगम स्टेशन रहेगा बंद, यात्रियों के लिए दिशावार ट्रेनों की व्यवस्था
भीड़ नियंत्रण को लेकर रेलवे का बड़ा फैसला, प्रयागराज जंक्शन से होगा मुख्य संचालन

जन एक्सप्रेस/प्रयागराज।माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। महाकुंभ की तर्ज पर इस बार भी यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए दिशावार ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। प्रमुख स्नान पर्वों के अवसर पर प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, संगम स्टेशन मुख्य स्नान तिथि से एक दिन पहले से लेकर दो दिन बाद तक बंद रहेगा। इस अवधि में संगम स्टेशन से किसी भी ट्रेन का संचालन नहीं होगा। इसकी जगह प्रयागराज जंक्शन सहित अन्य नजदीकी स्टेशनों से ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
जिस रूट पर ज्यादा भीड़, वहां चलेंगी ऑन-डिमांड स्पेशल ट्रेनें
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिस दिशा में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ देखने को मिलेगी, वहां आवश्यकता अनुसार ऑन-डिमांड स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि यात्रियों को उनके गंतव्य की दिशा में नजदीकी स्टेशन से ही ट्रेन उपलब्ध कराई जा सके।
दिशावार ट्रेनों का संचालन इस प्रकार होगा
प्रयागराज जंक्शन से
कानपुर
पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन
सतना
झांसी दिशा के लिए ट्रेनें
नैनी स्टेशन से
सतना और झांसी की ओर ट्रेनें
छिवकी स्टेशन से
मुगलसराय
सतना
झांसी दिशा की ट्रेनें
प्रयाग और फाफामऊ स्टेशन से
अयोध्या
जौनपुर
लखनऊ दिशा के लिए ट्रेनें
झूंसी और रामबाग स्टेशन से
पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनें
माघ मेला में बढ़ेगी हवाई सुविधा, प्रयागराज–हिंडन फ्लाइट होगी शुरू
माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए हवाई सेवाओं में भी इजाफा किया जाएगा। जनवरी से प्रयागराज और हिंडन (गाजियाबाद) के बीच नई फ्लाइट सेवा शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है।यह जानकारी सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित विमानपत्तन सलाहकार समिति की बैठक में दी गई। बैठक में प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक राजेश चावला ने बताया कि माघ मेला अवधि में हिंडन के लिए फ्लाइट शुरू करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है।
नाइट लैंडिंग शुरू होने पर बढ़ेंगी उड़ानें
बैठक में अकासा एयरलाइंस, इंडिगो और एलायंस एयर के प्रतिनिधियों ने नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर सहमति जताई। उल्लेखनीय है कि महाकुंभ के दौरान नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध थी, जिसे बाद में बंद कर दिया गया था।
वर्तमान में वायुसेना से रात में उड़ानों की अनुमति न मिलने के कारण नई सेवाएं शुरू नहीं हो पा रही हैं। इस पर वायुसेना की ओर से उपस्थित स्क्वाड्रन लीडर प्रसाद पटवर्धन ने अपना पक्ष रखा।
बंद हुई उड़ानों को फिर से शुरू करने की मांग
विमानपत्तन सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल ने एयरलाइंस कंपनियों से प्रस्तावित नई उड़ानों की जानकारी एयरपोर्ट निदेशक को देने को कहा, ताकि इसे मंत्रालय स्तर तक भेजा जा सके। बैठक में प्रयागराज से बंद की गई विमान सेवाओं को दोबारा शुरू करने की भी मांग उठी।बैठक में समिति के सदस्य, होटल व्यवसायी, एयरपोर्ट अधिकारी, पुलिस, पीडीए, नगर निगम, जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






