एसपीजी के नियंत्रण में राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लोकार्पण से पहले चॉपर से ली गई सुरक्षा की हवाई समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को करेंगे लोकार्पण, डेढ़ लाख लोगों के जुटने की संभावना

जन एक्सप्रेस)लखनऊ।(हेमनारायण हेमू):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राजधानी लखनऊ में नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे आयोजन स्थल को विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों की हवाई सुरक्षा समीक्षा भी की। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
65 एकड़ में बना कमल आकार का राष्ट्र प्रेरणा स्थल
बसंतकुंज योजना क्षेत्र में करीब 65 एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण करीब 232 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। कमल के आकार में बने इस भव्य स्थल के लोकार्पण समारोह में लगभग डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
2000 बसों के आगमन की संभावना, 13 पार्किंग स्थल तैयार
आयोजन में करीब 2000 बसों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल के आसपास 13 पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जहां 2600 बसों और 2000 कारों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
फूलों से सजा राष्ट्र प्रेरणा स्थल, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है। इसके लिए आंध्र प्रदेश, नैनीताल, दिल्ली और पुणे से विशेष किस्म के फूल-पौधे मंगाए गए हैं।
मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने राणा प्रताप मार्ग से कुड़िया घाट तक करीब छह किलोमीटर पैदल निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नामचीन मूर्तिकारों की कृतियां होंगी आकर्षण का केंद्र
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का निर्माण विश्वविख्यात मूर्तिकार राम सुतार ने किया है, जबकि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं मूर्तिकार माटू राम द्वारा गढ़ी गई हैं।
आज रात से बदलेगा यातायात, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात डायवर्जन जारी किया है।
24 दिसंबर की रात 12 बजे से लेकर कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहन को प्रतिबंधित मार्गों से जाने की अनुमति होगी। जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रमुख यातायात प्रतिबंध
मलिहाबाद चौराहे से बाजनगर किसान पथ, छंदोईया की ओर भारी वाहन नहीं जाएंगे।
मुंजासा तिराहे से बाजनगर किसान पथ की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
बाजनगर किसान पथ अंडरपास से छंदोईया बाईपास तिराहे की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।






