उत्तर प्रदेशहाथरस

हाथरस में रिश्तों को शर्मसार करने वाली दरिंदगी

बिसावर में जेठ-जेठानी ने प्रसूता को पीटा, भरे बाजार घसीटा — CCTV में कैद बर्बरता

जन एक्सप्रेस/हाथरस |हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिसावर कस्बे में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ जेठ और जेठानी ने मिलकर अपने ही छोटे भाई की पत्नी को बेरहमी से पीट दिया, जिसकी पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
भरे बाजार महिला पर कहर, मच गई अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दिलीप कुमार पुत्र खूबीराम और उसकी पत्नी ने महिला को सरेआम लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए पीड़िता बाजार में भागी, लेकिन आरोपी पीछे-पीछे दौड़े और बाल पकड़कर उसे घसीटते हुए वापस ले गए।
दो दिन पहले बनी थी मां, फिर भी नहीं पसीजा दिल
सबसे शर्मनाक बात यह है कि पीड़ित महिला ने घटना से महज़ दो दिन पहले ही एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बावजूद आरोपियों ने कोई रहम नहीं दिखाया और उसे बाजार से घसीटते हुए घर ले जाकर दोबारा मारपीट की।
CCTV में कैद हुई पूरी हैवानियत
पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपियों की दरिंदगी साफ़ तौर पर देखी जा सकती है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

112 पर कॉल, पुलिस ने एक आरोपी को लिया हिरासत में
पीड़िता ने किसी तरह 112 पीआरवी हेल्पलाइन पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि जेठ-जेठानी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
महिला सुरक्षा के दावों पर बड़ा सवाल
एक ओर सरकार महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति और सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं पर भरे बाजार खुलेआम हिंसा की घटनाएं इन दावों की हकीकत उजागर कर रही हैं।स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर इस मामले में सख्ती नहीं हुई, तो ऐसे अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button