उत्तर प्रदेशलखनऊ

70वें जन्मदिन पर लखनऊ से सियासी संदेश देंगी मायावती, 2027 की जीत का मंत्र आज

प्रदेशभर से जुटेंगे बसपा नेता, जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाएगा जन्मदिन

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आज लखनऊ में अपना 70वां जन्मदिन मनाएंगी। इस अवसर पर वह राजधानी स्थित बसपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगी और आगामी पंचायत व विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को अहम दिशा-निर्देश देंगी।
पूरे प्रदेश से आएंगे नेता, संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
मायावती के जन्मदिन को बसपा की ओर से ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सहित देश के सभी राज्यों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। वहीं अन्य राज्यों में मंडल और जोन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्रीय कोऑर्डिनेटर और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में चुनावी रणनीति पर देंगी संकेत
बसपा सुप्रीमो जन्मदिन के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी संगठन को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन को लेकर रणनीति साझा कर सकती हैं। हाल के निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद वह कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए आगे की राह तय करेंगी।संघर्षों की कहानी फिर होगी जारी, पुस्तक का 21वां संस्करण होगा जारी अपने जन्मदिन पर मायावती पूर्व की परंपरा के अनुसार अपनी पुस्तक ‘मेरे संघर्षमय जीवन एवं बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा’के 21वें संस्करण का विमोचन करेंगी। इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
राजनीतिक दृष्टि से खास है 70वां जन्मदिन
मायावती का 70वां जन्मदिन बसपा के लिए राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व समाप्त होने की स्थिति में है, वहीं हाल के विधानसभा चुनावों में भी बसपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। ऐसे में पार्टी के भविष्य और पुनरुत्थान को लेकर कोई नई रणनीति या बड़ा एलान होने की अटकलें तेज हैं।
राजधानी से जिलों तक सजा बसपा का रंग
बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन के मौके पर लखनऊ सहित प्रदेशभर में हजारों की संख्या में होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पूरे दिन कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button