हाथरस में युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पहुंचे एसडीएम

जन एक्सप्रेस/हाथरस: 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हाथरस के बागला डिग्री कॉलेज में विशेष मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर युवाओं को मतदाता पंजीकरण से संबंधित फॉर्म वितरित किए और उन्हें मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एसडीएम ने अपने संबोधन में कहा कि “लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
जब युवा वर्ग सक्रिय रूप से मतदान प्रक्रिया में भाग लेता है, तो लोकतंत्र और अधिक सशक्त बनता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे समय रहते फॉर्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम राजबहादुर सिंह ने उपस्थित युवाओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इस अभियान में कॉलेज प्रशासन और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची से वंचित न रहे।






