लवकुश नगर में सामुदायिक स्थल बचाने उतरे लोग, नगर निगम के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन
गलत जानकारी के आधार पर ओपन जिम लगाने का आरोप, सामुदायिक केंद्र निर्माण की उठी मांग

जन एक्सप्रेस/ लखनऊ:लाल बहादुर शास्त्री प्रथम वार्ड अंतर्गत लवकुश नगर स्थित बद्री प्रसाद वाल्मीकि सार्वजनिक स्थल को बचाने के लिए आज दर्जनों स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम कार्यालय के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व सुरेंद्र कुमार वाल्मीकि, परिषद लाल बहादुर शास्त्री प्रथम वार्ड कार्यकारिणी सदस्य ने किया। उन्होंने बताया कि बद्री प्रसाद वाल्मीकि स्थल क्षेत्र का एकमात्र सार्वजनिक स्थान है, जहां स्थानीय निवासी धार्मिक, सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के साथ-साथ शादी-विवाह जैसे आयोजन करते हैं। साथ ही, इसी स्थान पर बच्चे खेलकूद करते हैं।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नगर निगम प्रशासन के समक्ष गलत तथ्यों को प्रस्तुत कर इस सार्वजनिक स्थल के बीचो-बीच कटीले पेड़-पौधे लगवाने एवं ओपन जिम स्थापित कराने का कार्य कराया जा रहा है, जिससे बच्चों के खेलने और सामाजिक आयोजनों में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है।स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त स्थल से मात्र 200 मीटर की दूरी पर पहले से ही एक ओपन जिम मौजूद है। क्षेत्र के अधिकांश निवासी सफाई कर्मचारी एवं अल्प आय वर्ग से संबंधित हैं, जिनके पास इस स्थान के अतिरिक्त कोई अन्य सार्वजनिक विकल्प उपलब्ध नहीं है।ज्ञापन के माध्यम से नगर निगम से मांग की गई कि बीचो-बीच लगाए गए पेड़-पौधों एवं प्रस्तावित ओपन जिम को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा बद्री प्रसाद वाल्मीकि स्थल पर सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया जाए। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को धार्मिक, सामाजिक व पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी, बल्कि नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवा मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में सार्वजनिक स्थल को सुरक्षित रखने की मांग की।






