हजरतगंज में छात्र संगठनों का दोहरा विरोध, न्यायपालिका पर दबाव और अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा खंडन पर उठाई आवाज

जन एक्सप्रेस /लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर NSUI और समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन संभल मामले में CJI से जुड़े ट्रांसफर को लेकर जताई जा रही नाराजगी के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में संविधान की प्रतियां लेकर न्यायपालिका की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग की।छात्रों ने आरोप लगाया कि न्यायिक प्रक्रिया पर राजनीतिक दबाव लोकतंत्र के लिए खतरा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी की गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।वहीं दूसरी ओर समाजवादी छात्र सभा ने बनारस के मणिकर्णिका घाट पर अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमाओं को खंडित किए जाने की घटना को लेकर अलग से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इस घटना को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत पर हमला बताते हुए सरकार और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।छात्र नेताओं ने कहा कि ऐतिहासिक महापुरुषों और समाज सुधारकों की स्मृतियों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि ऐसी घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।






