पुलिस ने 2 किलो अवैध गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर: हमीरपुर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुरारा थाना पुलिस ने दो किलो से अधिक अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरारा थाना क्षेत्र के झलोखर गांव निवासी 32 वर्षीय पवन कुमार पुत्र रामनारायन को सैय्यद बाबा मजार के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसे वह अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जा रहा था।
यह कार्रवाई अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति क्षेत्र में गांजे की तस्करी कर रहा है, जिसके बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
कुरारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-25/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवबहादुर, हेड कांस्टेबल आकाश कुमार और कांस्टेबल कौशल झा शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।






