कुष्ठ रोग मुक्त जौनपुर का संकल्प विकसित भारत अभियान के तहत डीएम ने दिलाई शपथ, भेदभाव पर जीरो टॉलरेंस

जन एक्सप्रेस /जौनपुर:जौनपुर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत जनपद को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में व्यापक जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं जिला प्रशासन को कुष्ठ रोग उन्मूलन का संकल्प दिलाया।जिलाधिकारी ने कहा कि विकसित भारत अभियान के अवसर पर जनपद के लोग एवं जिला प्रशासन यह संकल्प लेते हैं कि जौनपुर को कुष्ठ रोग से पूर्णतः मुक्त बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग की पहचान आसान है और यह पूरी तरह साध्य रोग है, आवश्यकता केवल समय पर पहचान और उपचार की है।डीएम ने कहा कि जनपद में उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करते हुए कुष्ठ रोगियों की शीघ्र पहचान की जाएगी, ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा, न ही किसी अन्य व्यक्ति को उनके अथवा उनके परिवार के साथ भेदभाव करने की अनुमति दी जाएगी।जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को यह भी संकल्प दिलाया कि वे व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से कुष्ठ रोग से जुड़े सामाजिक कलंक और भेदभाव को समाप्त करने तथा प्रभावित व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक स्थान दिलाने के लिए पूर्ण योगदान देंगे।कार्यक्रम के दौरान सभी को यह प्रतिज्ञा भी दिलाई गई कि कलंक और भेदभाव के प्रति शून्य सहिष्णुता अपनाई जाएगी तथा “भेदभाव समाप्त कर गरिमा सुनिश्चित” की जाएगी।






