करेंट की चपेट में झुलसे बंदर का कराया गया उपचार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: शाहगंज नगर मुख्यालय के सेंट थामस रोड स्थित ट्रांसफार्मर से करंट की चपेट में आकर एक बंदर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद बंदर बेहोश होकर सड़क किनारे पड़ा रहा। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे समय रहते उपचार दिलाया गया।
ट्रांसफार्मर के पास हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि शनिवार पूर्वाह्न सेंट थामस रोड पर एक बंदर चहलकदमी कर रहा था। इसी दौरान वह सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पिछले पैर बुरी तरह झुलस गए और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
पालीवाल पेट्स क्लीनिक में कराया गया उपचार
घटना पर क्षेत्रीय निवासी ओ.पी. सिंह की नजर पड़ी। उन्होंने नगर निवासी प्रशांत अग्रहरि की मदद से घायल बंदर को सुल्तानपुर रोड स्थित
Paliwal Pets Clinic
ले जाकर उपचार कराया।
क्लीनिक में तैनात चिकित्सक सहायक कृष्णा प्रजापति ने प्राथमिक उपचार कर बंदर की हालत में सुधार किया। उपचार के बाद बंदर को खतरे से बाहर बताया गया है।
स्थानीय लोगों की पहल से बची जान
स्थानीय नागरिकों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण समय रहते घायल बंदर का इलाज संभव हो सका। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि मानवीय पहल से बेजुबान जानवरों की जान बचाई जा सकती है।






