उत्तर प्रदेशहरदोई

जिला पंचायत अध्यक्ष ने हरदोई को दी ऐतिहासिक सौगात

प्रभु श्री राम द्वार, पं. दीनदयाल उपाध्याय द्वार के अलावा बाबा साहेब, संत रविदास, संत गाडगे की मूर्तियों का अनावरण

जन एक्सप्रेस/हरदोई।’एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त करने और राष्ट्र निर्माण मे अपना अमूल्य योगदान प्रदान करने वाले महापुरुषों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत हरदोई के परिसर में प्रभु श्रीराम द्वार, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय द्वार का लोकार्पण व भारत रत्न डॉ0 भीमराव रामजी अम्बेडकर, संत रविदास व संत गाड्गे बाबा की पुण्य स्मृति मे नवनिर्मित प्रतिमाओं का ‘‘अनावरण’’ तथा जननायक मदारी पासी द्वार व रानी अवन्तीबाई लोधी द्वार के शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आबकारी एवं मद्य निषेध नितिन अग्रवाल के कर-कमलों एवं अति विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन तथा विशिष्ट अतिथि विधायक गोपामऊ श्याम प्रकाश, विधायक सवायजपुर माधवेंद्र प्रताप सिंह एवं सदस्य विधान परिषद् अवनीश सिंह सहित प्रमुखगण क्षेत्र पंचायत व् सदस्यगण जिला पंचायत की उपस्थिति व् अध्यक्ष जिला पंचायत हरदोई प्रेमावती की अध्यक्षता मे संपन्न हुआ।इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत रत्न डॉ भीमराव रामजी अम्बेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण व् दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। तत्पश्चात् मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल एवं अध्यक्ष जिला पंचायत प्रेमावती द्वारा डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर, संत गाडगे बाबा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं के अनावरण तथा नवनिर्मित प्रभु श्रीराम द्वार, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय द्वार के लोकार्पण सहित जननायक मदारी पासी द्वार व रानी अवन्तीबाई लोधी द्वार का शिलान्यास एवं जिला पंचायत परिसर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भूतपूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष निरंजन सिंह देव के प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार/सौंदर्यीकरण कार्य का अनावरण कर, क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर जगरानी इंटरनेशनल स्कूल, हरदोई की होनहार छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत व् रानी अवन्ती बाई लोधी के जीवन संघर्ष से सम्बंधित नाट्य प्रस्तुति के पश्चात, अध्यक्ष जिला पंचायत हरदोई प्रेमावती द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र व् प्रतीक चिन्ह भेंट कर, स्वागत अभिनन्दन किया गया।समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं हमें उनके आदर्शों, त्याग और सेवा की प्रेरणा देती हैं। स्वागत द्वार केवल सौंदर्यीकरण का प्रतीक नहीं, बल्कि क्षेत्र के गौरव और विकास की पहचान भी हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। विशिष्ट अतिथि रजनी तिवारी ने इस भव्य आयोजन हेतु जिला पंचायत को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि आज हम यहाँ केवल इन महापुरुषों की पुण्य स्मृति मे भव्य प्रतिमाओं व् स्वागत द्वारों का लोकार्पण व् शिलान्यास ही नहीं कर रहे, बल्कि हम अपनी संस्कृति, इतिहास और निरंतर विकास यात्रा का एक नया अध्याय प्रारम्भ भी कर रहे हैं। अपने स्वागत उद्बोधन मे अध्यक्ष जिला पंचायत प्रेमावती ने उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी के लिए यह सौभाग्य की बात है कि आज जब पूरा देश महान समाज सुधारक व् कर्मयोगी संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती मना रहा है, इस ऐतिहासिक दिवस पर हम सभी जिला पंचायत परिसर मे गाडगे जी की भव्य प्रतिमा के अनावरण के साक्षी बन रहे हैं। आज जब हमारा देश स्वच्छता, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब संत गाडगे बाबा के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं। यह दिन केवल हमारे महापुरुषों को स्मरण का नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प धारण करने का दिन है। जिला पंचायत हरदोई मे स्थापित ये भव्य प्रतिमाएं हमें उन महान विभूतियों की याद दिलाती हैं, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। मैं इस आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों, जिला पंचायत परिवार और हर उस व्यक्ति का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम व् समर्पण से इस सपने को सच किया है। आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम इन धरोहरों का संरक्षण करेंगे और अपने क्षेत्र को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान गणमान्य अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों ने अध्यक्ष जिला पंचायत हरदोई प्रेमावती की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह का संचालन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ तथा सदस्य राष्ट्रीय परिषद् भाजपा पीके वर्मा ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त कर, कार्यक्रम समापन की घोषणा की। शिलान्यास व् लोकार्पण समारोह मे प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा उत्तर प्रदेश रामचंद्र कनौजिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा भगवती सागर, अपर मुख्य अधिकारी प्रदीप कुमार गुप्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गण, मंडल अध्यक्ष गण, वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, प्रबुद्ध चिकित्सक, अधिवक्तागण एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों सहित भारी संख्या मे जनपद वासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button