जौनपुर के खुटहन में महायज्ञ से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा

जन एक्सप्रेस/खुटहन : जौनपुर जनपद के खुटहन क्षेत्र के धिरौली नानकार गांव स्थित प्राचीन बान्हदैत्य बाबा मंदिर पर आयोजित रूद्र महायज्ञ के पूर्व गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में पूरे गांव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कलश यात्रा में मुख्य यजमान वरिष्ठ सपा नेता डॉ. सूर्यभान यादव सिर पर कलश रखकर शामिल हुए, वहीं 108 कन्याएं हाथों में धर्म पताका लेकर पूरे गांव का भ्रमण करती रहीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
वैदिक विधि-विधान से पंडित वशिष्ठ नारायण चतुर्वेदी और पंडित शिवकुमार त्रिपाठी ने मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कराया। उन्होंने बताया कि कलश महाशक्ति का प्रतीक है, जो सृष्टि के पालन और संचालन का आधार है। कलश यात्रा में शामिल होने से अनेक तीर्थों के समान पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
कलश यात्रा के साथ ही रूद्र महायज्ञ का शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बेदी पूजन एवं कथा, शनिवार को सामूहिक रूद्राभिषेक तथा अंतिम दिवस रविवार को हवन, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर अनूप मिश्रा, अमर चतुर्वेदी, ज्ञानप्रकाश पाण्डेय, आदित्य, विजय यादव, गुलाब यादव, प्रधान संतोष यादव, रमेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






