Maharajganj: सीमावर्ती क्षेत्र में एसी बस सेवा शुरू करने की मांग तेज
ठूठीबारी से गोरखपुर, लखीमपुर व नई दिल्ली तक एसी बसें चलाने के लिए क्षेत्रीय विधायक ने परिवहन निगम को भेजा पत्र

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद के भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे ठूठीबारी और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुविधा बेहतर बनाने के लिए एसी बस सेवा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। पंचायती राज समिति के सभापति एवं सिसवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेम सागर पटेल ने इस संबंध में परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर विभिन्न मार्गों पर एसी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
भेजे गए पत्र में विधायक ने कहा है कि सिसवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई ऐसे मार्ग हैं जहां एसी बस सेवा शुरू करना जनहित में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रस्तावित मार्गों में ठूठीबारी से निचलौल–महराजगंज–गोरखपुर होते हुए लखीमपुर तथा नई दिल्ली तक बस सेवा शुरू करने का सुझाव दिया है। इसके अतिरिक्त ठूठीबारी से सिसवा–हेवती–चिउटहा–पुरैना–शिकारपुर होते हुए गोरखपुर, सिसवा से घुघली–शिकारपुर होते हुए गोरखपुर तथा निचलौल–चिउटहा–सिंदुरिया–शिकारपुर मार्ग से गोरखपुर तक एसी बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि इन मार्गों की सड़कें लगभग सात मीटर चौड़ी बन चुकी हैं, जिससे एसी बसों का संचालन आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में रेल सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र होने के कारण यहां बेहतर परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। विधायक ने परिवहन निगम से जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मार्गों पर शीघ्र एसी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
वही विधायक प्रेम सागर पटेल के इस सार्थक पहल को लेकर क्षेत्र के जय शंकर सिंह उर्फ इंटू, अजय जयसवाल, भवन प्रसाद गुप्ता, नंद प्रसाद चौधरी का कहना है कि गोरखपुर, लखीमपुर और नई दिल्ली जैसे बड़े शहरों तक सीधी एसी बस सेवा की शुरुवात होगी तो व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को आने-जाने में आसानी होगी और यात्रा अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बन सकेगी।






