हरदोई में युवती लापता: आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बजरंग दल का थाने पर धरना

जन एक्सप्रेस/हरदोई : हरदोई जिले के साण्डी कस्बे से एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार, युवती 1 जून की शाम करीब 6 बजे दवा लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
युवती की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कस्बे का निवासी फुरकान पुत्र मेहंदी हसन उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
थाने पर धरना, बढ़ा दबाव
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और बजरंग दल के कार्यकर्ता साण्डी थाने पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के गेट पर धरना शुरू कर दिया।
धरना प्रदर्शन में राजन शुक्ला, अरविंद शुक्ला और अशोक राजपूत समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
पुलिस का क्या कहना है?
थाना प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि युवती और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और मामले की जांच जारी है।






