शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करें:-डीएम
आसामाजिक, आराजक एवं दंबग लोगों की गतिविधियों पर नजर रखेंः-एसपी

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई में जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की संयुक्त अध्यक्षता में सदर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, समाज कल्याण और नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करें।
वहीं एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ग्रामीणों से समन्वय बनाकर क्षेत्र की जानकारी लें तथा असामाजिक, आराजक एवं दबंग तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. भावनाथ पाण्डेय, एसडीएम सदर मयंक कुंडू, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, बीडीओ, सीडीपीओ और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




