हाथरस की दाऊ जी गौशाला बनी मिसाल, कमिश्नर संगीता सिंह ने की नवाचार की सराहना

जन एक्सप्रेस /हाथरस विश्व पर्यावरण संरक्षण और गोवंश संवर्धन के संदेश को आगे बढ़ाते हुए हाथरस के सासनी स्थित दाऊ जी गौशाला में “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त संगीता सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया तथा गौ माता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस दौरान अधिकारियों ने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और यहां किए गए नवाचारों की सराहना की। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि दाऊ जी गौशाला ग्रामीण विकास, संसाधन संरक्षण और गोवंश संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।गौशाला की विशेषता यह है कि खराब और अनुपयोगी पड़े नालों के पाइपों का उपयोग कर इसके कई हिस्सों का निर्माण किया गया है। इस नवाचार से न केवल बजट की बचत हुई, बल्कि वेस्ट मटेरियल का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया गया। अधिकारियों ने इसे पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के सदुपयोग की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।गोवंशों के संरक्षण और बेहतर देखभाल के लिए गौशाला परिसर में 115×60 फीट का विशाल टिन शेड भी तैयार किया गया है। इससे गौवंशों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षा मिलेगी और उनके लिए बेहतर आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित होगी।मंडलायुक्त संगीता सिंह ने दाऊ जी गौशाला को जिले की पहली ऐसी उत्कृष्ट गौशाला बताया, जहां नवाचार और संसाधन प्रबंधन का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला है। उन्होंने इस कार्य के लिए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुरेंद्र सिंह और पंचायत सचिव विदेश शर्मा की विशेष रूप से प्रशंसा की।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस मॉडल को अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनाया जा सकता है, जिससे सीमित संसाधनों में बेहतर विकास कार्य किए जा सकें। उन्होंने वृक्षारोपण और गोसंरक्षण जैसे अभियानों को जनभागीदारी से जोड़ने पर भी जोर दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण के लिए इस प्रकार की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को बढ़ावा दिया जाएगा।




