हरदोई में पुलिस मुठभेड़ बाइक चोर गिरोह का सरगना घायल, 4 बदमाश गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /हरदोई : जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पचदेवरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह के सरगना सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में गिरोह का सरगना पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन बाइकें, जिनमें एक कटी हुई हालत में मिली, साथ ही वाहन काटने के उपकरण और अवैध असलहा बरामद किया गया है।
घटना की शुरुआत 31 मई को हुई बाइक चोरी से हुई थी, जब शाहाबाद क्षेत्र में इफको खाद गोदाम के पास से किसान नेकराम की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम जांच में जुटी थी।
इसी क्रम में पचदेवरा पुलिस को सूचना मिली कि चांदपुर मोड़ के पास कुछ बदमाश चोरी की बाइकों को काट रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया और अन्य तीन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नूर मोहम्मद उर्फ जरैन्द, राजपाल मौर्य, वीरसिंह चौहान और शिवनाथ शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरदोई और शाहजहांपुर के बाजारों और मेलों में रेकी कर बाइक चोरी करते थे और सुनसान जगहों पर उनके पुर्जे अलग कर बेच देते थे।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




