हरदोई में पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस /हरदोई उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने आर.आर. इंटर कॉलेज, नघेटा रोड तथा महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क, प्रतीक्षा स्थल और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परीक्षा अवधि में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।



