उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहाथरस

हाथरस: 115वें राजकीय लक्खी मेला दाऊजी महाराज की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/हाथरस: 115वें राजकीय लक्खी मेला दाऊजी महाराज के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग, पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का लक्खी मेला ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

प्रशासन का उद्देश्य मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button