हरदोई में लाखों की लूट100 ग्राम सोना व ढाई किलो चांदी लेकर फरार हुए बदमाश

जन एक्सप्रेस / हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोना-चांदी की लूट को अंजाम दिया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी नसीम अपनी ज्वैलरी की दुकान बंद कर घुघेरा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाफिजखेड़ा के पास दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से हमला कर कारोबारी को घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश व्यापारी के पास मौजूद करीब 100 ग्राम सोना और 2 किलो 500 ग्राम चांदी लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है






