आजमगढ़ गैस एजेंसी विवाद: खबर छपने के बाद मिला सिलेंडर, कई उपभोक्ताओं ने लगाए डिलीवरी में गड़बड़ी के आरोप

जन एक्सप्रेस/ आजमगढ़ मां अगवानी एचपी गैस ग्रामीण वितरक से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर समाचार प्रकाशित होने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित उपभोक्ता को करीब तीन दिन बाद गैस से भरा सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया। इसके बाद एजेंसी परिसर में मौजूद कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर अपनी शिकायतें सार्वजनिक कीं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि 16 जून को उनसे ओटीपी लेकर खाली गैस सिलेंडर जमा करा लिया गया और एक रसीद देकर बाद में सिलेंडर लेने के लिए कहा गया। हालांकि, उसी दिन उनके मोबाइल पर गैस सिलेंडर की सफल डिलीवरी का संदेश भी प्राप्त हो गया, जबकि उन्हें वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं मिला।
अंकित मिश्रा, मोहम्मद हाशिम, राजू गौतम, अब्दुल रहमान और दीपक सिंह सहित कई उपभोक्ताओं ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की प्रक्रिया से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद कई उपभोक्ताओं के बयान और शिकायतों का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में संबंधित लोग अपनी समस्याओं को विस्तार से बताते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह रिकॉर्डिंग समाचार संस्थान के पास सुरक्षित रखी गई है।
कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी दावा किया कि एजेंसी परिसर में दूसरी कंपनियों के घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर भी रखे हुए दिखाई दिए। इस संबंध में एजेंसी कर्मचारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
उपभोक्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, समाचार संस्थान का कहना है कि एजेंसी प्रबंधन तथा संबंधित तेल कंपनी के अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा, ताकि सभी पक्षों की बात सामने आ सके.






