झूठे अपहरण की साजिश का खुलासा, पुलिस ने शिकायतकर्ता को ही किया गिरफ्तार
साले के अपहरण की फर्जी कहानी रचकर रिश्तेदार को फंसाने की थी साजिश, चित्रकूट पुलिस ने खोली पोल

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट। थाना मऊ पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर झूठे अपहरण की कहानी बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई थी, वह पूरी तरह से फर्जी थी और शिकायतकर्ता ने अपने रिश्तेदार को झूठे मुकदमे में फंसाने के उद्देश्य से पूरी साजिश रची थी।पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय और क्षेत्राधिकारी मऊ फहद अली के पर्यवेक्षण में थाना मऊ पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक मऊ श्रीप्रकाश यादव के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी खण्डेहा उप निरीक्षक राहुल पाण्डेय और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 21 जून को धीरेन्द्र सिंह पटेल निवासी लबेध थाना मऊ ने सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी, बच्चे और साले कविराज के साथ मऊ से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने रोककर मारपीट की और उसके साले कविराज का अपहरण कर लिया। इस मामले में थाना मऊ में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।जांच के दौरान 24 जून को पुलिस को सूचना मिली कि कथित अपहृत कविराज तिलौली रोड से चन्दई जाने वाले तिराहे पर मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कविराज को सकुशल बरामद कर लिया। उसके साथ मौजूद व्यक्ति की पहचान शिकायतकर्ता धीरेन्द्र सिंह पटेल के रूप में हुई।पूछताछ में धीरेन्द्र सिंह ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि कविराज का अपहरण नहीं हुआ था। उसने अपने साढ़ू शंकर को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। उसने बताया कि कविराज को अपने साथियों के साथ भेज दिया गया था और खुद तथा अपनी पत्नी के हाथ-पैर बांधकर झूठी घटना की कहानी तैयार की गई थी।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पुराने विवाद और रंजिश के चलते शंकर को फंसाने के लिए यह षड्यंत्र रचा गया था। विवेचना में अपहरण से संबंधित धाराओं में अपराध नहीं पाया गया और झूठा मुकदमा दर्ज कराने के आरोप में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।पुलिस ने आरोपी धीरेन्द्र सिंह पटेल पुत्र बदी प्रसाद निवासी लबेध थाना मऊ जनपद चित्रकूट को चन्दई तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





