वायरल

बेंगलुरु से धोखाधड़ी का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, टिहरी पुलिस की ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी:-  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देवप्रयाग के नेतृत्व में गठित टीम जगबीर नाथ पुत्र बलवीर नाथ, निवासी ग्राम कैन्थौगी बनचौरा, थाना धरासू, जनपद उत्तरकाशी (उम्र 35 वर्ष) की तलाश कर रही थी।

जांच में सामने आया कि अभियुक्त अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने सर्विलांस एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी लोकेशन कर्नाटक के बेंगलुरु में ट्रेस की। इसके बाद देवप्रयाग पुलिस की टीम करीब एक सप्ताह तक बेंगलुरु में रहकर अभियुक्त की गतिविधियों पर लगातार नजर रखती रही।

पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने थाना कोरमंगला क्षेत्र स्थित बीडीए कॉम्प्लेक्स के पास दबिश देकर 28 जून को विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर अभियुक्त को टिहरी लाया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अरुण त्यागी, देवेंद्र सिंह, सुंदर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button