UP Breaking Newsउत्तर प्रदेशहरदोई

शाहाबाद के श्री नारायण सिंह डिग्री कॉलेज में एयर कंडीशनर लाइब्रेरी का हुआ उद्घाटन

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- शाहाबाद क्षेत्र के ककरघटा स्थित श्री नारायण सिंह डिग्री कॉलेज में गुरुवार को आधुनिक एयर कंडीशनर लाइब्रेरी का शुभारंभ उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री एवं शाहाबाद विधायक रजनी तिवारी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने लाइब्रेरी का निरीक्षण भी किया और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की।

विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक अध्ययन सुविधा

कॉलेज के प्रबंधक रंजीत सिंह की पहल पर तैयार की गई इस वातानुकूलित लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों की पुस्तकों के साथ आरामदायक अध्ययन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है।

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि श्री नारायण सिंह डिग्री कॉलेज की एयर कंडीशनर लाइब्रेरी इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और सरकार की सोच है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा शिक्षित बने। उन्होंने यह भी कहा कि इस लाइब्रेरी का लाभ केवल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी मिलेगा।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक रंजीत कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. राहुल त्रिपाठी, प्रधान शरद कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य लाला राम राजपूत, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल पांडे ‘पिंटू’ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नई लाइब्रेरी के शुरू होने से विद्यार्थियों को शांत, आधुनिक और सुविधाजनक वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी को भी मजबूती मिलेगी।

संवाददाता : आदित्य पटवा | जन एक्सप्रेस, हरदोई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button